आज हम आपको गवार की सूखी सब्जी बनाना बताएंगे । इसे बनाना बहुत ही आसान है। भोजन की थाली में सब्जियों का विशेष योगदान होता है। यदि सब्जियों का इस्तेमाल सही तरीके से व उचित मात्रा में किया जाए तो हम अपनी रोगप्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं। और अनेक रोगों से अपनी रक्षा भी कर सकते हैं। गवार फली के लाभ सुनकर आप आश्चर्यचकित हो जाएंगे।
गवार फली की बात करें तो ये डायबिटीज पेशेंट के लिए फायदेमंद है। ग्वार फलियों में ग्लाइकोन्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो शरीर में ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इतना ही नहीं यह हड्डियां मजबूत करती है। दिल के लिए भी फायदेमंद है। ब्लडप्रेशर को नियंत्रित करती है।
गर्भावस्था के दौरान लाभकारी है। ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करती है। पाचन में मददगार है। दिमाग को शांत रखती है। तो क्यों न इस गुणकारी सब्जी को इस तरह बनाएं की परिवार में सब इसे शौक से खाएं। लेकिन इससे पहले सब्जी की खरीदारी करने के बारे में सीखना भी जरूरी है।
गवार लेते समय इन बातों का रखें ध्यान।
- स्वादिष्ट सब्जी बनाने की तैयारी, सब्जी की खरीदारी से शुरू हो जाती है।
- गवार की सब्जी या फली लेते समय हमेशा छोटी फली का चुनाव करें। ये नरम होती है।
- छोटी फली में रेशे भी कम होते हैं और स्वादिष्ट ज्यादा होती है।
- जैसे-जैसे फली परिपक्व होती जाती है, वैसे-वैसे वह कड़ी होती जाती है।
- बड़ी फली कड़ी होने के साथ-साथ उसमें बीज भी बड़े-बड़े होते हैं।
- बड़ी गवार फली का स्वाद थोड़ा कसैला सा होता है। जो खाने में अच्छा नहीं लगता।
- हमेशा ताजी और कोमल फली ही खरीदें। इसकी पहचान फली को छूकर व देखकर भी की जा सकती है।
- इसके अलावा जिस फली का आखिरी नोकदार हिस्सा तोड़ने पर आसानी से टूट जाता है वही ताजी फली की पहचान होती है।
- छोटी व कोमल फली में पोषक तत्व ज्यादा मात्रा में होते हैं, साथ ही यह बहुत सुपाच्य होती है।
- कड़ी फली पाचन में गरिष्ठ होती है।
गवार की एकदम नई सब्जी बनाने की संपूर्ण सामग्री।
- ग्वार की फली – 300 ग्राम
- टमाटर 2-3
- तेल-1 टेबल स्पून
- हींग -1 पिंच
- जीरा- 1/2 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर– 2 पिंच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर -½ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च -2 ( बारीक कटी हुई)
- नमक – 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- हरा धनिया – 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- गरम मसाला- 1/4 छोटी चम्मच से थोड़ा कम
- अमचूर पाउडर – 1/4 छोटी चम्मच
गवार की एकदम नई सब्जी बनाने की सीक्रेट विधि
सब्जी बनाने में समय | मात्रा |
20 मिनट | 4 लोगों के लिए |
अक्सर फली वाली सब्जी बनाना बहुत मेहनत का काम होता है। क्योंकि फलियां तोड़ने में समय भी बहुत लगता है। लेकिन आज मैं आपको बहुत कम समय में और बहुत कम मेहनत में गवार की सब्जी बनाना बताऊंगी। आइए जानते हैं गवार की एकदम नई सब्जी बनाने की सीक्रेट विधि –
- गवार की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले साफ फलियों को अच्छी तरह धो लें। कुकर में गवार फलियों को जितनी फलियां हों उससे आधा पानी डालकर उबलने के लिए रख दें मध्यम आंच में एक सीटी या दो सीटी आने दें। यह अच्छी तरह पक जाएगी।
- दूसरी विधि में सभी गवार फली को धोकर इडली बनाने वाले बर्तन में 5-7 मिनट तक भाप से पका लें। इस तरह आपकी गवार की सब्जी बनाने का काम आधा हो जाता है। और समय भी कम लगता है।
- अब कढ़ाई गैस पर चढ़ा कर गैस ऑन कर दें। कढ़ाई में सरसों का तेल डालकर गरम होने दें।
- 2-3 टमाटर को बारीक काट लें। तेल गरम होने पर उसमें राई-जीरा का तड़का लगाएं। अब कढ़ाई में कटे हुए टमाटर डालकर उनमें थोड़ा सा नमक डाल दें।
- नमक डालने से टमाटर जल्दी पकेंगे। टमाटर को चलाकर नमक को अच्छे से मिला दें। इसे धीमी आंच में ढंककर पकने दें बीच-बीच मे चलाते रहें।
- जब तक टमाटर पक रहे हैं, आप जल्दी से कुकर खोलकर गवार की फलियों को निकाल लें। प्रत्येक फली को ऊपर व नीचे से तोड़ लें। इसमें से आजू-बाजू (साइड) से रेशे आसानी से व बहुत जल्दी निकल जाएंगे।
- रेशों को अलग कर गवार की फली को अपनी पसंद से लंबी-लंबी या छोटी-छोटी कर लें। यदि गवार फली छोटी है तो इसमें से रेशे भी नहीं निकलेंगे और इसे दो टुकड़े करना ही पर्याप्त होगा।
- अब टमाटर पक चुके होंगे। इसमें हल्दी पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच, धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच, लाल मिर्च पाउडर– 2 पिंच, व कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर आधा छोटी चम्मच, नमक – 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार डालकर थोड़ा सा पानी डालकर मिक्स करें।
- पानी डालने से सभी मसाले अच्छे से पक जाएंगे साथ ही गवार की फलियों में नमक भी अच्छे से मिक्स हो जाएगा।
- मसालों का पानी एकदम नहीं सूखने दें। इसमें उबली हुई, रेशे निकाली हुई, गवार की फलियों को डालकर अलट-पलट कर मिक्स करें।
- गरम मसाला- 1/4 छोटी चम्मच से थोड़ा कम, अमचूर पाउडर – 1/4 छोटी चम्मच डालकर मिक्स करके ढंककर 2 मिनट में लिए धीमी आंच में रख दें, ताकि सभी मसालों की खुशबू व स्वाद गवार की फलियों में अच्छे से मिल जाये व नमक भी मिक्स हो जाये।
- 2 मिनट बाद गैस की आंच बंद कर दें।
- हरी मिर्च -2 ( बारीक कटी हुई), धनिया – 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ) से सजाकर सब्जी सर्व करें।
- ये आपकी लाजवाब, टेस्टी गवार की सब्जी तैयार हो चुकी है। इस तरह से बनाई गई गवार की सब्जी बहुत ही स्वादिष्ट बनती है।
- आप अपने स्वाद के लिए इसमें उबले हुए आलू का प्रयोग भी कर सकती हैं। यह सब्जी पूड़ी, पराठा, रोटी, चावल सभी के साथ बहुत ही स्वादिष्ट लगती है।
- अब आप हमेशा एकदम नए तरीके से इस तरह बनाएं गवार की सूखी सब्जी। वादा है लोग इसकी सीक्रेट रेसिपी पूछते रह जाएंगे।
इन बातों का रखें खास ध्यान।
- ध्यान रखें कि टमाटर व अमचूर इस सब्जी की जान है। गवार फली का स्वाद कसैला होता है, जिसमें अमचूर व टमाटर से कसैला स्वाद दब जाता है, और बहुत स्वादिष्ट सब्जी बनती है।
- कश्मीरी लाल मिर्च के प्रयोग से सब्जी का कलर बहुत सुंदर आता है। जिससे सब्जी को देखते ही मन ललचाने लगता है।
- गवार फली प्रोटीन का महत्वपूर्ण स्रोत है, खटाई के संयोजन से प्रोटीन को पचाने में मदद मिलती है।
- गवार फली डालने के बाद सब्जी को आराम से धीरे-धीरे चलाकर ही मिक्स करें। क्योंकि उबलने से गवार फली पक चुकी होती है और ज्यादा मिक्स करने से पूरी तरह टूट जाएगी। जो देखने में अच्छी नहीं लगती।
हमारे शब्द।
गवार की सब्जी की सीक्रेट रेसिपी और इसके लाभ को जानकर आप भी इसे बनाने के लिए उत्सुक हो रहे होंगे। तो देर किस बात की है, झटपट शुरू हो जाएं। और आज ही शाम को इसे अवश्य ट्राई करें। अभी गर्मियों में गवार की सब्जी आसानी से उपलब्ध हो जाती है।
आर्टिकल में बताई गई बातों को ध्यान से पढ़कर बताई गई रेसिपी के अनुसार यदि आप सब्जी बनाएंगे तो निश्चित ही सबका दिल जीत लेंगे। एकदम नए तरीके से इस तरह बनाएं गवार की सूखी सब्जी। वादा है लोग इसकी सीक्रेट रेसिपी पूछते रह जाएंगे। अंत तक आर्टिकल पढ़ने के लिए धन्यवाद। आपको यह रेसिपी कैसी लगी, हमें अवश्य कमेंट करें।