बड़े बड़े रेस्टोरेंट में सब्जियों की लिस्ट में वेज कोल्हापुरी का नाम अपने जरूर पढ़ा व देखा होगा। यह बड़ी ही चटपटी व तीखी सब्जी होती है। महाराष्ट्र की बड़ी पसंदीदा मराठी सब्जी होती है। इसे कोल्हापुरी इसीलिए कहते हैं क्योंकि इसमें कोल्हापुर की तीखी लाल मिर्च का प्रयोग किया जाता है।
यह इतनी लाजवाब, स्वादिष्ट होती है कि आप सारे स्वाद ही भूल जाएंगे। यदि आप तीखा खाने के शौकीन है तो समझिए ये आपके ही लिए है। कहते हैं तीखा खाने वालों की बुद्धि भी बहुत तेज होती है। चलिये आजमाते हैं स्वाद का खजाना वेज कोल्हापुरी।
इसकी विशेषता इसमें मौजूद चटपटे तीखे व स्वादिष्ट मसालों में मौजूद होती है। आज रेस्टोरेंट में बनाई जाने वाली इसकी सीक्रेट रेसिपी का खुलासा करते हैं । इस सीक्रेट तरीके से घर में बनाएं रेस्टोरेंट जैसा वेज कोल्हापुरी। एक बार जरूर आजमाएं। उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
कई प्रकार से बनती है वेज कोल्हापुरी
- वेज कोल्हापुरी दरअसल मिक्स वेज ही है इसे बनाने का तरीका अलग अलग होता है। कुछ लोग सब्जियों को पहले भाप में पका लेते हैं फिर मसाला मिलाकर पकाते हैं।
- कुछ लोग पानी मे 50% सब्जियों को उबालकर सब्जी बनाते हैं। और कुछ लोग मसालों को भूनकर ग्रेवी तैयार कर लेते हैं फिर सब्जियों को मिलाते हैं।
- कुछ लोग सब्जियों को तेल में तलकर पकाने के बाद फिर ग्रेवी में सब्जी मिलाते हैं।
- आप अपनी सुविधानुसार कोई भी तरीका अपना सकते हैं। यदि समय कम है और वेज कोल्हापुरी बनाना है तो आप पहले सब्जियों को आधा कुक कर लें ।
- यानी कि सब्जियों को पहले भाप में या पानी मे आधा पका लें। फिर ग्रेवी तैयार करें। इस तरह सब्जी जल्दी तैयार होगी।
- सब्जी को आधा कुक करते समय इसमें नमक अवश्य मिला लें ताकि सब्जियों में नमक अच्छे से मिक्स रहे। वरना सब्जी फीकी लगती हैं। आज मैं आपको जैसे रेस्टोरेंट में वेज कोल्हापुरी बनाई जाती है उसी सीक्रेट तरीके से घर मे बनाना बताती हूँ।
सीक्रेट वेज कोल्हापुरी बनाने की संपूर्ण सामग्री।
- गाजर – 1
- आलू – 1
- शिमला मिर्च – 1
- फूल गोभी – 1 कप
- टमाटर – 3
- अदरक – 1 इंच टुकडा़
- मटर – ¼ कप
- क्रीम – ½ कप
- सूखा नारियल – ¼ कप कद्दूकस किया हुआ
- काजू 2
- खसखस 1 छोटी चम्मच
- तेल – सब्जी बनाने के लिए
- हरा धनिया – 2-3 बडे़ चम्मच
- हींग – 1 पिंच
- जीरा -½ छोटी चम्मच
- तेजपत्ता 1
- लौंग – 2
- हल्दी पाउडर – ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटी चम्मच
- गरम मसाला – ¼ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च साबुत – 2
- तिल – 1 टेबल स्पून
- नमक – 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटी चम्मच
सीक्रेट वेज कोल्हापुरी बनाने की संपूर्ण विधि।
- एक गाजर को धोकर छील लें। इसे एक इंच लंबाई में काट लें। एक आलू को धोकर छील लें। इसे भी एक इंच लंबे टुकड़ों में काट लें। एक शिमला मिर्च को धोकर एक इंच लम्बाई में काट लें। एक पाव गोभी को धोकर इसे भी छोटे छोटे टुकड़ों में काट लें।
- एक चौथाई कप मटर के दाने लें। अब सभी सब्जियों में थोड़ा नमक डाल कर आधा कप पानी डालकर कुकर में मात्र एक सीटी दें या आधा पकने तक उबाल लें।
- अब ग्रेवी की तैयारी करें।
- इसके लिए मिक्सी में 3 टमाटर, अदरक, चौथाई कप नारियल चूरा, 2 काजू, खसखस एक छोटी चम्मच को अच्छी तरह पीस लें।
- अब गैस पर पैन चढ़ा दें। इसमें आवश्यकता अनुसार तेल डालें । (इसे आप कम या ज्यादा तेल में अपनी मनपसंद बना सकते हैं) तेल गरम होने पर एक चुटकी हींग , एक चम्मच जीरा, एक तेजपत्ता, दो खड़ी लाल मिर्च, दो लौंग डाल कर फ्राई करें। गैस की फ्लेम धीमी रखें ताकि मसाले जलने न पाएं।
- अब धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, एक टेबल स्पून तिल डालकर भूनें। सभी मसाले भुन जाने पर इसमें ग्रेवी के लिए तैयार किया गया टमाटर काजू का पेस्ट डाल कर भूनें। कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें।आवश्यकता अनुसार नमक मिलाएं। ध्यान रखें कि सब्जियों में उबलते समय नमक डाला हुआ है।
- थोड़ा सा पानी (आवश्यकतानुसार) डालकर ग्रेवी को उबलने दें। सभी मसालों का स्वाद ग्रेवी में आ चुका है। मसाला भी अच्छे से पक चुके हैं।
- पहले से तैयार उबली हुई सब्जियों को ग्रेवी में मिलाकर ढंककर 2 मिनट पकने दें। 2 मिनट बाद गर्म मसाला या एवरेस्ट का किचन किंग मसाला डालें । कटी हुई हरी धनिया ऊपर से डालें। गैस बंद कर ढंककर 2 मिनट ऐसे ही छोड़ दें।
- अब आपकी वेज कोल्हापुरी तैयार है। इसे रोटी, पराठा, चावल सभी के साथ खाएं और आनन्द ले चटपटी मराठी सब्जी का।
इन बातों का रखें खास ख्याल।
- 1- सब्जी में प्याज और लहसुन डालना चाहते हैं, तब प्याज और लहसुन काट कर गरम तेल में हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिए इसके बाद सारी चीजें दी हुई विधि अनुसार डालते हुए सब्जी बना लीजिए।
- 2- ग्रेवी के लिए आप अपनी पसंद के अनुसार काजू का पेस्ट, खरबूजे के बीच का पेस्ट, खसखस का पेस्ट या मावा या जो आपको पसंद हो उसकी ग्रेवी बना सकते हैं।
- 3- सब्जियों को उबलते समय उसमें नमक अवश्य मिलाएं।
- 4- सब्जी में हल्दी कम मात्रा में ही डालें। अन्यथा ज्यादा हल्दी से सब्जी का रंग पीला दिखाई देता है।
- 5- कश्मीरी लाल मिर्च से सब्जी का रंग सुर्ख लाल हो जाता है। जो बहुत सुंदर दिखाई देता है। और यह एक मनोवैज्ञानिक तथ्य है कि लाल रंग भूख को बढ़ाता है।
- 6- ग्रेवी के लिए टमाटर अच्छे पके हुए लाल रंग के ही लें। इनसे भी सब्जी का रंग होता है।
हमारे शब्द।
रोज के हल्के फुल्के भोजन में जायके का तड़का लगाने के लिए रेस्टोरेंट जैसी सब्जियां घर पर ही खाने को मिल जाये तो फिर स्वाद, और स्वास्थ्य के साथ साथ बजट भी बेहतर हो जाता है। तारीफे मिलती हैं सो अलग। कहते हैं व्यक्ति के दिल का रास्ता उसके पेट से होकर जाता है।
मतलब ये की पेट खुश तो दिल भी खुश। तो परिवार में सबके दिल को जीतने के लिए इस सीक्रेट तरीके से घर में बनाएं रेस्टोरेंट जैसा वेज कोल्हापुरी। एक बार जरूर आजमाएं। देखें कि ये महाराष्ट्रीयन सब्जी आपके जीवन मे कैसा खुशियों का तड़का लगाती है। हमे अपने अनुभवों से अवश्य अवगत कराएं व कमेंट करें।